{"_id":"8754bdce746faabf05d851f86a1eb220","slug":"car-thieves-are-stealing-dhuna-an-absconding-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"कार चोरी कर रहे चोरों को धुना, एक फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कार चोरी कर रहे चोरों को धुना, एक फरार
ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
Updated Sat, 27 Feb 2016 12:02 AM IST
विज्ञापन
हरिद्वार। देर रात ज्वालापुर क्षेत्र में चौपहिया वाहन चोरी करने की कोशिश कर रहे दो वाहन चोरों की भीड़ ने जमकर धुनाई कर दी जबकि एक चोर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अब चोरों का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गई है।
विज्ञापन
घटना संतोष विहार, आर्यनगर क्षेत्र की है। देर रात कालोनीवासी राजेश अरोड़ा खाना खाने के बाद घर के पास टहल रहे थे। इसी बीच उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उनकी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा है और दो युवक कार को पीछे से धक्का लगा रहे हैं। विरोध करने पर धक्का लगा रहे युवक भाग गए। ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक को जब उन्होंने कार से निकालकर पकड़ना चाहा तो उसने राजेश अरोड़ा को धक्का देकर गिरा दिया और तमंचा लहराकर भाग निकला। हो हल्ला होने पर आस पास के लोग एकत्र हो गए। पीछा करते हुए भीड़ ने एक चोर को लाल मंदिर कालोनी से कुछ दूरी पर उस वक्त दबोच लिया जब वह भागते हुए गड्ढे में गिर गया था। उसके दूसरे साथी को भी कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया जबकि तीसरा साथी फरार होने में कामयाब रहा। भीड़ ने चोरों की जमकर धुनाई कर दी और फिर पुलिस को सौंप दिया। एसएसआई कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आरोपियों के नाम विकास निवासी गांव कटरा धनौरा, अमरोहा, यूपी एवं प्रदीप शर्मा निवासी सेलोमलान, शाहपुर, नजीबाबाद हैं जबकि फरार साथी का नाम नदीम है। इनके कब्जे से चाबियों का गुच्छा एवं तमंचा बरामद हुआ है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
विज्ञापन