डीएफओ के तबादले की मांग पर अड़े आंदोलित वन कर्मियों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक से मुलाकात की। वहीं, रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने भी धरने पर पहुंचकर समर्थन दिया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक धरना जारी रहेगा।
उत्तराखंड फॉरेस्ट संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले वन कर्मचारी 13 दिसंबर से डीएफओ पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए ट्रांसफर की मांग को लेकर कार्यबहिष्कार कर धरना दे रहे हैं। सोमवार को बिल्वकेश्वर कालोनी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नगर विधायक मदन कौशिक के पहुंचने की सूचना पर आंदोलित कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल वहां पहुंचा। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर डीएफओ की ओर से उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए उनका ट्रांसफर कराने की मांग की। इसपर मदन कौशिक ने सीएम से वार्ता कर ट्रांसफर करने का आश्वासन दिया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद हरिद्वार के अध्यक्ष कुंवर सिंह ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलित कर्मचारियों को समर्थन दिया। समिति के सचिव संयोजक शेखर चंद्र जोशी ने बताया कि कर्मचारियों का उत्पीड़न करने वाले डीएफओ के साथ कार्य किया जाना किसी भी हालत में संभव नहीं है। जब तक उनका ट्रांसफर नहीं होगा तब तक कार्यबहिष्कार कर धरना जारी रहेगा। इस मौके पर एसएन शर्मा, नरेंद्र कुमार, मयूरी गौतम, राजवीर सिंह, दीपक नेगी, बबीता, हरीश भटट्, अरुण सैनी, बालम नेगी, रणबीर सिंह रावत, सुरेश, दिनेश लखेड़ा, गुलफाम, नरेंद्र कुमार, रामकुमार वर्मा, बुरहान अली आदि मौजूद थे।