ट्रेन से पश्चिम बंगाल जाने के लिए 1190 यात्रियों ने आवेदन किया है। इन सभी को हरिद्वार से श्रमिक एक्सप्रेस के जरिये उनके राज्य भेजा जाएगा। ट्रेन आज रविवार को दोपहर करीब दो बजे रवाना होगी। यात्रियों को भेजने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। ट्रेन में सबको सैनिटाइज करके बैठाया जाएगा।
प्रदेश में पश्चिम बंगाल के यात्री और मजदूर बड़ी संख्या में फंसे हैं। हरिद्वार के होटलों, आश्रमों में भी इनके ठहराने की व्यवस्था की हुई थी। अब पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से यात्रियों के लिए श्रमिक एक्सप्रेस की व्यवस्था कराई गई है। एसडीएम कुश्म चौहान ने बताया कि ट्रेन से जाने के लिए प्रदेश से 1190 यात्रियों ने आवेदन कर डिटेल दी है। ये प्रवासी प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आएंगे। यात्रियों को श्रमिक एक्सप्रेस से निशुल्क भेजने की व्यवस्था की गई है। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने बताया कि ट्रेन जाने का समय दोपहर दो बजे है, लेकिन सभी यात्रियों के बैठने और जिला प्रशासन के आदेश के बाद ही रवाना किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने बताया कि सभी तैयारी पूरी हो गई है। फिलहाल बंगाल के लिए एक ट्रेन ही प्रस्तावित है।