जंगल की आग से पिघली तारें, विद्युत आपूर्ति और संचार सेवा ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जंगलों में लगी भीषण आग अब पौड़ी जिले में बिजली और संचार सेवाओं को भी प्रभावित करने लगी है। आग की लपटों की चपेट में जहां ऊर्जा निगम की हाईटेंशन और एलटी लाइनें आकर पिघलने लगी हैं, वहीं कई इलाकों में ओएफसी जल जाने से संचार सेवाएं ठप हो गई हैं।
ऊर्जा निगम ने कड़ी मशक्कत कर स्यूंसी और जयहरीखाल में गली तारों को बदलकर किसी तरह बिजली आपूर्ति बहाल की। शुक्रवार को इस इलाके में पूरे दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिसे देर शाम बहाल किया जा सका। जंगल में आग की भीषण लपटों के चलते लैंसडौन क्षेत्र में ओएफसी जल गई हैं।
तीन दिन से क्षेत्र की बीएसएनएल सेवाएं बुरी तरह से लड़खड़ा गई है। एसडीओ एके धूलिया का कहना है कि लैंसडौन, यमकेश्वर, चौबट्टाखाल के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है, जिससे लैंसडौन-दुगड्डा के मध्य ओएफसी जल गई थी, उसे जोड़ दिया गया है। कई और स्थानों पर केबल जलने की सूचनाएं हैं।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से जंगल की आग बुझाने में सहयोग की मांग
श्रीनगर और ऋषिकेश के मध्य केबल में तकनीकी खराबी आने से सेवाएं बाधित हो रही है। विद्युत वितरण खंड कोटद्वार के अधिशासी अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि जंगलों की आग की चपेट में आने से 33 केवी स्यूंसी और जयहरीखाल की लाइनों की तार कई स्थानों पर गरम होकर पिघल गई थी, जिससे शुक्रवार को दिन में 11 बजे से शाम तीन बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार देर शाम ग्रिड में खराबी के चलते भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
बैजरों प्रतिनिधि के अनुसार दीवा रेंज व रथुवाढाब के जंगलों में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए धुमाकोट थाने के एसओ अमरजीत सिह के नेतृत्व मे पुलिस के जवानों ने दीवा रेंज की भीषण आग पर जनता के सहयोग काबू पा लिया है। रथुवाढाब के जंगलों में आग बुझाने का काम चल रहा है। प्रधान संध नैनीडांडा के अध्यक्ष ललित पटवाल ने सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से जंगल की आग बुझाने में सहयोग की मांग की है।
केटीआर की यूपी से सटी सीमा पर अलर्ट घोषित
कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग के के डीएफओ डा. कोकोरोसे के अनुसार वनाग्नि की घटनाओं को देखते हुए यूपी से सटी सीमा को संवेदनशील मानते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है। वनों में आग बुझाने का काम जारी है। कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ डिवीजन में आग लगने सें वनों को बड़े पैमाने पर क्षति पहुंच रही है।
आग ने अदनाला रेंज को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। मंदाल रेंज धधक रही है। डीएफओ के अनुसार अदनाला रेंज की आग पर काबू पा लिया गया है। मंदाल रेंज की आग बुझाई जा रही है। आग से निपटने के लिए केटीआर में 35 क्रू स्टेशन बनाए गए है। 75 फायर वाचर लगाए गए है। पुलिस की ओर से 10 पीआरडी के जवान आग बुझाने में लगे हैं। वनों में आग बुझाने में लगे कर्मियों को गुड़, चना, ओरआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यूपी के बिजनौर के इलाके से लगी दक्षिणी सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। यह इलाका संवेदनशील हो गया है।