चंपावत। जिले में 24 घंटे पेयजल उपलब्धता के लिए शहरी विकास विभाग के अधीन गठित संस्था उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी की बैठक हुई। इसमें चंपावत नगर में पेयजल, सीवरेज, ड्रेनेज, सड़क निर्माण आदि विकास कार्यों की कार्ययोजना तय की गई।
शहरी विकास सचिव आनंद वर्धन के निर्देश पर शहरी विकास विभाग का तकनीकी, सामाजिक विशेषज्ञों का दल चंपावत आया है। दल ने सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत के सहयोग से नगर स्तर पर नगर पालिका, जल संस्थान, जल निगम, सिंचाई विभाग आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चंपावत में पेयजल, सीवरेज, ड्रेनेज, सड़क निर्माण आदि विकास कार्य के लिए विभागों से परियोजना निर्माण की जानकारी ली। यह दल आगामी कुछ दिनों तक चंपावत में स्थानीय भ्रमण कर परियोजना की रूपरेखा बनाएगा। दल ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान घर-घर जाकर कुछ प्रश्न किए जाएंगे, जिसके लिए गूगल फॉर्म तैयार किया गया है। इसमें जनता से पानी, सीवरेज आदि संबंधी आवश्यक सवाल पूछे जाएंगे। प्राप्त उत्तर के आधार पर आधारभूत आंकड़े जुटाए जाएंगे। बैठक में शहरी विकास विभाग दल के सुरेश खंडूरी, काशीनाथ तिवारी, राजेश बहुगुणा, अनिल परिहार आदि रहे।