लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज खेल मैदान में चल रही स्वामी विवेकानंद क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को कापड़ी बंधु और रायनगर चौड़ी की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
पहले मैच में फर्त्याल एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 115 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कापड़ी बंधु की शुरुआत निराशाजनक रही। बाद में जितेंद्र ने 13 गेंदों में 52 रन जुटाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। जितेंद्र को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
दूसरे मैच में क्लर्क एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 96 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रायनगर की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर आसानी से जीत हासिल कर ली। विजेता टीम के अरुण ने नाबाद 28 रनों की पारी खेली और मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। आयोजन समिति की ओर से अन्नू ढेक, राहुल ढेेक, गौरव कापड़ी, विवेक राय, अखिल राय, अंकित राय आदि सहयोग कर रहे हैं।