बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी के बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन ने एक माह में अब तक का सर्वाधिक बिजली उत्पादन का नया रिकार्ड बनाया है। सितंबर में पावर स्टेशन ने 71.60 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया है, जो पिछले रिकार्ड से 0.23 मिलियन यूनिट अधिक है।
बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन ने 26 साल पुराने रिकार्ड को तोड़कर नया रिकार्ड बनाया है। इस साल सितंबर में पावर स्टेशन ने 71.60 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादित की है। इससे पूर्व इस पावर हाउस में सर्वाधिक मासिक उत्पादन सितंबर 1994 में 71.37 मिलियन यूनिट किया गया था। इस साल पिछले सर्वाधिक मासिक उत्पादन से 0.23 मिलियन यूनिट अधिक बिजली बनाने में सफलता हासिल की है। पावर स्टेशन के मुखिया महाप्रबंधक एसके शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए अपनी पूरी टीम को श्रेय देते हुए अधिकारियों व कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि टनकपुर पावर स्टेशन से होने वाले विद्युत उत्पादन का 12 प्रतिशत उत्तराखंड राज्य को निशुल्क दिया जाता है। प्रतिवर्ष नेपाल को भी 71 मिलियन यूनिट बिजली यहां से दी जाती है, जिसके एवज में भारत सरकार एनएचपीसी को भुगतान करती है। बताया कि इस वर्ष अब तक (एक अप्रैल 2020 से 30 सितंबर 2020 तक) टनकपुर पावर स्टेशन ने 347 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर लिया है, जबकि वर्ष भर का लक्ष्य (31 मार्च 2021 तक) 490 मिलियन यूनिट रखा गया है।