लोहाघाट (चंपावत)। वर्षों से गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे बाराकोट ब्लॉक के पाडसोंसेरा गांव के कूब्ड़ा तोक के लोगों की शीघ्र ही प्यास बुझेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय की पहल पर गांव के लिए सोलर पंपिंग योजना के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। 22 लाख रुपये से बनने वाली पंपिंग योजना के निर्माण के बाद गांव के लोगों को गाड़, गधेरों से पानी ढोने से निजात मिलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रकाश राय ने पंपिंग योजना के निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की पेयजल की दिक्कतों को देखते हुए सोलर पंपिंग योजना का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल निगम की ओर से बनाई जा रही योजना में करीब 22 लाख रुपये खर्च होंगे, जो दो महीने में बन जाएगी। प्रकाश ने बताया कि शीघ्र ही पाडसोंसेरा के सांगड़ा, डीडा, बोट्टाक, नौलथें, थानथें, लोस्टा आदि तोकों को जल जीवन मिशन से लाभान्वित किया जाएगा। राम सिंह, दीपक अधिकारी, दीवान सिंह, मोहन सिंह, पुष्कर सिंह, नारायण सिंह, गिरीश सिंह, हिम्मत सिंह का कहना है कि पंपिंग योजना से तल्ली मल्ली कूब्ड़ा सहित बनज्वाड़ के करीब 70 परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने योजना के निर्माण के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार जताया।