लोहाघाट (चंपावत)। अनुबंध नवीनीकरण के विरोध में रोडवेज संविदा चालकों का धरना प्रदर्शन 17वें भी जारी रहा है। संविदा चालकों ने निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बुधवार को जिलाध्यक्ष जगदीश जोशी के नेतृत्व में संविदा चालकों ने अनुबंध नवीनीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। चालकों का कहना था कि निगम प्रबंधन अनुबंध का नवीनीकरण के लिए संविदा चालकों परिचालकों पर दबाव बना रहा है। नियुक्ति के समय अनुबंध पत्र भरवाने के बाद कभी भी उनका अनुबंध नवीनीकरण नहीं किया गया। सालों बाद निगम प्रबंधन संविदा चालक-परिचालकों से अनुबंध नवीनीकरण कराने का फरमान जारी कर दिया है। अनुबंध नवीनीकरण न कराने वाले चालकों को 10 जून से ड्यूटी नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र निगम प्रबंधन अनुबंध नवीनीकरण का आदेश वापस नहीं लेगा तो वे आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में जगदीश राम, दलीप सिंह, मदन सिंह कुंवर, अमर सिंह, ललित मोहन जोशी, सुनील सिंह, नंदन फर्त्याल, तेज सिंह, गोपाल गिरी, हरीश चंद्र जोशी, नारायण थ्वाल, विक्रम फर्त्र्याल, कृपाल सिंह आदि शामिल थे।