चंपावत। जिला मुख्यालय के खर्ककार्की में घटिया निर्माण कार्य को लेकर युवाओं ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। नगर पालिका की ओर से खर्ककार्की मार्ग में सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। बुधवार को प्रधान विपिन नाथ के नेतृत्व में युवाओं ने कार्य में धांधली का आरोप लगा निर्माण रुकवा दिया।
ग्राम प्रधान विपिन का कहना था पिछले कई वर्षों से खर्ककार्की को जाने वाला मार्ग बदहाल है। तमाम प्रयासों के बाद नगर पालिका की ओर से सड़क का सुधारीकरण किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार की ओर से पुरानी सड़क को तोड़े बिना ही कंकरीट बिछाई जा रही है। इससे सीसी मार्ग के निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कार्की, भुवन पटवा, राहुल पुजारी, सूरज पुजारी, लोकेश पांडेय, गुलशन पटवा, नंदू पुजारी आदि ने पुरानी सड़क तोड़कर नए सिरे से कार्य शुरू करने की मांग कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। नगर पालिका के ईओ अभिनव कुमार का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।