{"_id":"5709333d4f1c1b6426c810dc","slug":"purnagiri-fair-sixty-thousand-devotees-sheesh-nwaa","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्णागिरि मेला : साठ हजार भक्तों ने नवाए शीश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्णागिरि मेला : साठ हजार भक्तों ने नवाए शीश
ब्यूराे/अमर उजाला, चंपावत
Updated Sat, 09 Apr 2016 10:22 PM IST
विज्ञापन
पूर्णागिरि मेला : साठ हजार भक्तों ने नवाए शीश
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार बना है। शनिवार को द्वितीय एवं तृतीय नवरात्र पर करीब 60 हजार से ज्यादा भक्तों ने मां के दरबार में शीश नवाए। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम नरेश दुर्गापाल और सीओ आरएस रौतेला दिनभर मेला क्षेत्र में डेरा डालकर व्यवस्थाओं पर नजर रखे रहे। पुलिस के साथ ही परिवहन विभाग की टीम भी वाहनों की चेकिंग में जुटी है।
विज्ञापन
नवरात्र पर जहां देश के कोने-कोने से श्रद्धालु मां के दर्शन को पहुंचते हैं, वहीं नेपाल के श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ने लगती है। रविवार को अवकाश के कारण मां के दरबार में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। मां पूर्णागिरि धाम के अलावा शारदा स्नानघाट, बनबसा में कैनाल मेला क्षेत्र और पड़ोसी देश नेपाल के सीमांत बाजारों में भी पूर्णागिरि मेले की जबरदस्त रौनक बनी है। मां पूर्णागिरि के दर्शन के उपरांत श्रद्धालु बाबा सिद्धनाथ के दर्शन के लिए नेपाल का रुख कर रहे हैं।
विज्ञापन
साइकिल रिक्शों की जगह अब ई-रिक्शा
यातायात के क्षेत्र में ई-रिक्शा नई क्रांति लाए हैं। पूर्णागिरि मेला शुरू होते ही यहां भी ई-रिक्शा की क्रांति का असर दिखाई पड़ा है। यात्री भी ई-रिक्शों पर बैठकर सफर कर रहे हैं। मेला अवधि में बैराज पर साइकिल रिक्शों की लंबी कतार रहती थी, लेकिन आज वहां साइकिल रिक्शा नहीं बल्कि ई-रिक्शा खड़े नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन
पूर्णागिरि में आज से शुरू होगा विधिक सेवा केंद्र
मां पूर्णागिरि मेले में आने वाले यात्रियों को कानूनी रूप से जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा रविवार से आठ दिनी विधिक सेवा केंद्र लगाया जाएगा। तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज प्रेम सिंह खिमाल और सचिव सीजेएम मनमोहन सिंह के निर्देश पर लगाए जा रहे विधिक सेवा केंद्र में पीएलवी अर्जुन सिंह, रौनक अली लोगों को कानूनी जानकारियां देंगे।
यूपी के पुलिस अफसर की निजी गाड़ी से उतरवाई नीली बत्ती
मां पूर्णागिरि के दर्शन को गाड़ियों में अवैध लाल-नीली बत्तियां और हूटर लगाकर आने वालों पर परिवहन विभाग ने डंडा चलाना शुरू कर दिया है। शनिवार को वाहनों की चेकिंग कर एआरटीओ वीके सिंह ने न सिर्फ वाहनों के चालान किए बल्कि दो गाड़ियों से बत्तियां और हूटर भी उतरवा कर जब्त कर जुर्माना वसूला। यूपी के एक पुलिस अफसर को भी अपनी निजी गाड़ी में लगी नीली बत्ती उतारनी पड़ी। एआरटीओ वीके सिंह ने बताया कि यूपी के इस पुलिस अफसर और हूटर लगे जायलो कार के स्वामी से एक-एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने बताया कि सिर्फ हूटर और बत्ती लगी गाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि निजी गाड़ियों पर राज्य सरकार का बोर्ड लगाकर चलने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालान कर साढ़े नौ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
65 हजार भक्तों ने किए बाबा सिद्धनाथ के दर्शन
पहले नवरात्र के बाद पूर्णागिरि के दर्शन के उपरांत बाबा सिद्धनाथ के दर्शन को बनबसा से 65 हजार से अधिक श्रद्धालु नेपाल पहुंचे। भीड़ नियंत्रण में पुलिस और एसएसबी को खासी मशक्कत करनी पड़ी। मेलार्थियों की भीड़ के कारण कई बार बैराज पर जाम की स्थिति रही। पार्किंग स्थल पर बसों का तांता लगा रहा। इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी आरपी टम्टा के मुताबिक शनिवार को करीब 65 हजार भक्तों ने बाबा सिद्धनाथ के दर्शन के लिए नेपाल का रुख किया। शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई बीएम उप्रेती ने बताया कि भीड़ नियंत्रण में एक सेक्शन एसएसबी की मदद ली गई।