लोहाघाट (चंपावत)। नगर के खेतीखान मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम के झाम से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर रोज जाम लगने सेजहां कर्मचारियों को समय से दफ्तर पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ रही है, वहीं आम लोगों को पैदल चलने में भी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खेतीखान तिराहे से लेकर खेतीखान मार्ग पुल तक सुबह के समय सड़क के किनारे वाहनों को आड़े तिरछा खड़ा किया जाता है। इसके चलते जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। उनका कहना है कि न तो कोई पुलिस कर्मी ही जाम खुलवाने आता है, और न ही वाहन चालक ही अपने वाहनों को हटाते हैं। प्रभारी एसओ देवेंद्र बिष्ट का कहना है कि खेतीखान मार्ग पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाकर समस्या का समाधान किया जाएगा। संवाद