फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Champawat News ›   passion. recruitment. such. broke. glass . windows. buses.

Champawat News: भर्ती का जुनून ऐसा कि पांच बसों के शीशे तोड़कर घुसे और ट्रक-टैक्सी पर भी लदे

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Wed, 20 Nov 2024 12:31 AM IST
विज्ञापन
passion. recruitment. such. broke. glass . windows. buses.
टनकपुर (चंपावत)। पिथौरागढ़ में प्रादेशिक सेना की भर्ती में शामिल होने के लिए मंगलवार को भी यूपी से पांच हजार से अधिक युवा पहुंचे। इससे नगर में अफरातफरी का माहौल रहा। युवाओं ने पिथौरागढ़ जाने वाले ट्रक, टैक्सी और बस किसी को भी नहीं छोड़ा। पीलीभीत चुंगी से पांच किमी दूर बस्तिया तक उनका राज रहा। युवा सुबह से वाहनों को रोककर उनमें चढ़ते रहे। पांच रोडवेज बसों के पीछे के शीशे तोड़कर युवा उनमें घुसे। दोपहर में प्रशासन ने मुनादी कराकर भर्ती बिहार के दानापुर में 26 नवंबर से एक दिसंबर तक बढ़ने और उसमें यूपी के युवाओं को शामिल होने का मौका मिलने की बात कही। इसके बाद युवा इस आदेश की प्रति अपने मोबाइल पर खीूंचकर जानने की कोशिश करते रहे।
विज्ञापन



पिछले चार दिन से पिथौरागढ़ में हो रही सेना भर्ती में मध्य प्रदेश, बिहार, यूपी के युवा टनकपुर से होकर जा रहे हैं। इनमें ट्रेन से आने वाले युवा टनकपुर से टैक्सी और बसों से जा रहे हैं। ट्रेनों से सोमवार को जहां चार हजार युवा पहुंचे वहीं बस, टैक्सियां भी कम पड़ गईं और उन्हें होटल पैक होने से रेलवे स्टेशन, दुकानों के बाहर, पार्क आदि में रात बितानी पड़ी। रातभर पुलिस और प्रशासन को भी मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार सुबह बस्तिया के पास तक करीब पांच किमी हाईवे तक युवाओं की भीड़ दिखी और रोडवेज स्टेशन में बस आते ही वह उसमें टूट पड़े। नगर में जगह-जगह जाम लगता रहा।
विज्ञापन


एसडीएम आकाश जोशी, एआरटीओ नरेंद्र गौतम दूसरे दिन भी सड़कों पर उतर कर बस और वाहनों की व्यवस्था में जुटे रहे। प्रभारी कोतवाल सुरेंद्र गौतम पुलिस टीम के साथ जगह-जगह लगते जाम को खुलवाने में जुटे। एआरटीओ गौतम ने बताया कि पिथौरागढ़ और टनकपुर डिपो की दो-दो बसों के पीछे के शीशे तोड़कर युवा घुसे। इसमें ककराली गेट पर तीन और रोडवेज स्टेशन में एक बस के शीशे तोड़े गए।
विज्ञापन
विज्ञापन




प्रभारी कोतवाल ने बताया कि सुबह पांच बजे रोडवेज स्टेशन के पास युवाओं ने जाम लगा दिया। उन्हें बमुश्किल शांत किया। ककराली गेट, पीलीभीत चुंगी, पिथौरागढ़ चुंगी में युवाओं का ही बोलबाला रहा। पुलिस जाम खोलने के लिए तैनात रही। ट्रक, बस आते ही टूट पड़ने से अफरातफरी मचती रही। इस बीच खासी संख्या में युवा ट्रेन से लौटते भी नजर आए।

45 अतिरिक्त समेत कुल 63 बसें पिथौरागढ़ भेजीं, वे भी कम पड़ीं
टनकपुर (चंपावत)। एआरएम नरेंद्र गौतम ने बताया कि मंगलवार को पिथौरागढ़, लोहाघाट, रुद्रपुर, काठगोदाम डिपो की 45 अतिरिक्त बसों समेत कुल 63 बसों को पिथौरागढ़ भेजा गया। कहा कि बसों की व्यवस्था की जा रही है, अतिरिक्त बसों के आते ही भेजने का क्रम जारी है। उन्होंने कहा कि पांच बसों के शीशे तोड़े गए हैं।



रोडवेज बसें पैक, टैक्सियों में लुट रहे हैं युवा

पिथौरागढ़। सेना भर्ती में शामिल होने के लिए टनकपुर, हल्द्वानी से युवाओं को रोडवेज नहीं मिलीं तो इसका फायदा टैक्सी संचालकों ने उठाया। वे युवाओं से पहले की दोगुना किराया वसूला ले रहे हैं। हालांकि पिथौरागढ़ से वापसी में रोडवेज बसों में युवाओं को राहत मिल रही है। पिथौरागढ़ डिपो के बेड़े में 71 बसें हैं। 17 बसें ऑफ रूट हैं। शेष 54 बसों को सेना भर्ती को देखते हुए हल्द्वानी और टनकपुर संचालित किया गया है। युवाओं ने कहा कि टैक्सी संचालक टनकपुर में ही 800 रुपये किराया ले ले रहे हैं। हल्द्वानी से पहुंचे युवाओं ने भी यही बात कही। अन्य दिनों टैक्सी में पिथौरागढ़ से टनकपुर का आल्टो कार में किराया 700, मैक्स में 500 रुपये है। भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं से 800 से 1500 रुपये किराया लिया जा रहा है।


दो किमी लंबा जाम, यात्रियों की हुई फजीहत



पिथौरागढ़। युवाओं की पिथौरागढ़-धारचूला एनएच पर पूरे दिन आवाजाही रही। ऐसे में जाजरदेवल से पंडा बाईपास तक लंबा जाम लगा रहा। दो किमी लंबे जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। किसी तरह पुलिस ने एक घंटे बाद जाम खुला और यात्री, वाहन चालक गंतव्य को रवाना हो सके। युवाओं की आवाजाही से दिन में कई बार जाम लगता रहा और पुलिस को इससे निपटने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।


225 टैक्सियां, 50 स्कूली बसें पहुंचाएंगी युवाओं को राहत

पिथौरागढ़। डीएम विनोद गोस्वामी ने कहा कि युवाओं को भर्ती स्थल तक पहुंचाने के लिए 225 टैक्सियां और 50 स्कूल बसों की व्यवस्था की गई है। ऐंचोली में अस्थायी बस स्टेशन बनाया गया है। वहीं टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष नवल किशोर ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों से आने वाली टैक्सियां युवाओं को कुमौड़, एपीएस तिराहा होते हुए पंडा बाईपास तक पहुंचाएंगी। इसके सभी टैक्सी चालकों को निर्देश जारी किए गए हैं। संवाद



-

टैक्सी यूनियन ने युवाओं को किराए में दी 100 रुपये की छूट



पिथौरागढ़। टैक्सी यूनियन पिथौरागढ़ ने भर्ती में शामिल होने के लिए पहुंचने वाले युवाओं को किराए में 100 रुपये छूट देने का निर्णय लिया है। यूनियन अध्यक्ष नवल किशोर ने कहा कि टनकपुर से पिथौरागढ़ तक अल्टो कार में युवाओं से 700 की जगह 600 और मैक्स में 500 की जगह 400 रुपये लिया जाएगा। सं
कोट -

भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं से अतिरिक्त किराया लेने की जानकारी मिली है। संबंधित टैक्सी चालकों का पता लगाया जा रहा है। यदि किसी भी टैक्सी चालक ने युवाओं से अधिक किराया वसूला तो उसके खिलाफ यूनियन कार्रवाई करेगी। - नवल किशोर, अध्यक्ष, टैक्सी यूनियन, पिथौरागढ़।


टैक्सी और बस संचालकों को युवाओं से तय किराया लेने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। किराए और ओवरलोडिंग को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। यदि अधिक किराया वसूला गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। युवाओं की सुविधा के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है। - असित कुमार झा, एआरटीओ, पिथौरागढ़।

डीएम ने भर्ती स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा
पिथौरागढ़। डीएम विनोद गोस्वामी ने भर्ती स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने कहा कि बिहार में भर्ती स्थगित होने से पिथौरागढ़ में युवाओं की भीड़ बढ़ी है। युवाओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
मंगलवार को डीएम गोस्वामी ने प्रादेशिक भर्ती स्थल देवकटिया पहुंचकर सेना के कर्नल उत्तम सिंह के साथ व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भर्ती में शामिल होने पहुंचे युवाओं की सुविधाओं का ध्यान रखना होगा। बताया कि युवाओं के रहने, खाने और यातायात की व्यवस्था करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। उनके रहने के लिए स्कूलों में व्यवस्था की गई है। भर्ती स्थल तक पहुंचाने के लिए टैक्सी, स्कूल बस लगाई गई हैं।



16 विद्यालयों के साथ ही भर्ती स्थल के पास चार स्थानों पर युवाओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। स्थानीय लोगों के साथ ही व्यापार मंडल की ओर से लंगर लगाकर युवाओं के भोजन की व्यवस्था की गई है। होटल एसोसिएशन के माध्यम से युवाओं को 200 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सुविधा का गंभीरता से ध्यान रखा जाएगा। इस मौके पर सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम डॉ. शिव कुमार बरनवाल, एसडीएम यशवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

-



150 पुलिस कर्मी तैनात

पिथौरागढ़। एसपी रेखा यादव ने भी भर्ती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस भी युवाओं की सुविधाओं के प्रति गंभीर है। होटल, ढाबों में युवाओं के लिए परोसे जाने वाले भोजन पर पुलिस की निगरानी रहेगी। वहीं भर्ती स्थल सहित उनके ठहरने की जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 150 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। नगर सहित भर्ती स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस गंभीरता से काम कर रही है।

भटक रहे युवाओं को कराया भोजन



पिथौरागढ़। सैकड़ों किमी का लंबा सफर तय कर सेना भर्ती के लिए आ रहे युवकों को भोजन के लिए भी भटकना पड़ा। मंगलवार सुबह देवसिंह मैदान के पास स्थित धर्मशाला लाइन में भोजन की तलाश में घूम रहे 10-12 युवाओं को स्थानीय महिलाओं ने भोजन कराया। अधिवक्ता विपिन चंद्र पंत ने बताया कि महिलाओं का यह कार्य प्रशंसनीय है। इसके अलावा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने अपने होटल के बाहर भूखे, प्यासे आए विभिन्न राज्यों के युवाओं को मुफ्त में चाय नाश्ता कराया।

अनेक टोलियां वापस लौटने को ट्रेन के इंतजार में नजर आईं
टनकपुर (चंपावत)। सेना भर्ती में शामिल होने आए यूपी के कई जिलों की टोलियां वहां जाने के लिए वाहन न होने के कारण लौटते भी नजर आए। इनमें रेलवे स्टेशन में मैनपुरी के रवि चौहान, कुलदीप चौहान, अभिषेक, राम विकास, मंगल चौहान, राजन ने कहा कि वह सोमवार को आए थे, लेकिन पिथौरागढ़ न जा पाने पर रात स्टेशन में गुजारी और अब वह वापस जाने के लिए ट्रेन के इंतजार में हैं। इसी तरह हापुड़ के माेहित, आकाश के साथ 12 युवा भी बोले सोमवार रात आए थे, रात स्टेशन पर गुजारी और अब लौट रहे हैं, कहा कि वह अगली भर्ती में अवश्य शामिल होंगे। इसी तरह शाहजहांपुर के शैलेंद्र के साथ चार युवा भी घर जाने के लिए ट्रेन के इंतजार में मिले।



परेशानी सहकर भर्ती में शामिल का जज्बा लेकर सड़कों पर डटे रहे युवा
टनकपुर (चंपावत)। वाहन के इंतजार और दिक्कतों के बावजूद कई युवकों की टोलियां पूरे जोश में नजर आई। वह बोले वह हर संभव भर्ती में शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं।
इनमें अयोध्या से आए सूरज, किशन, नवीन, रविशंकर, वीरेंद्र, अंश, अमित आदि ने कहा कि वह पूरी तैयारी के साथ आए हैं और वह सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहते हैं। वह हर हाल में पिथौरागढ़ भर्ती में पहुंचना चाहते हैं। अंतिम समय तक वह प्रयास करेंगे।

इसी तरह रामपुर के युवा मुनीष, राज तिलक, राजू बोले वह भर्ती में शामिल होने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं। पंचमुखी धर्मशाला में रात गुजारने वाली रामपुर के ही 20 युवाओं की टोली में शामिल सुमित यादव, गोरखपुर के प्रमोद, देवरिया के सतेंद्र, अरविंद, कौसांबी के अजय, सहारनपुर के दर्पण सैनी, आलोक पांडेय, मऊ के विकास यादव, गोरखपुर के इंद्रजीत भी हर दिक्कत को पार कर सेना में भर्ती होने को आतुर नजर आए। वह किसी तरह भर्ती स्थल पहुंचना चाहते हैं।

टैक्सी स्टैंड में दूसरे दिन भी पसरा रहा सन्नाटा



टनकपुर। बसों के साथ ही टैक्सी वाहनों की भी कमी रही। आसपास के खटीमा, बनबसा और दूसरी ओर चंपावत, पिथौरागढ़, लोहाघाट तक के टैक्सी वाहन टनकपुर से युवाओं को भर भर कर ले जाते रहे। इससे नगर के टैक्सी स्टैंड में सन्नाटा दूसरे दिन भी पसरा रहा। वहां युवाओं का टैक्सी की तलाश करनी पड़ी। छोटी बसें भी स्टेडियम के पास से जाती रहीं जबकि टैक्सी को तो ककराली गेट के पास ही युवा हायर करते रहे। पिथौरागढ़ जाने वाले ट्रक गुजरते ही युवा उनमें चढ़ गए। इससे खासी संख्या में ऐसे वाहनों से भी युवा पिथौरागढ़ को जाते नजर आए।


सुबह देर तक दुकान के बाहर, पार्क में भी सोते नजर आए युवा

टनकपुर। नगर के पंचमुखी धर्मशाला हो या नगर के विभिन्न होटल सभी सोमवार रात को भरे रहे। युवाओं ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, पार्क, दुकानों के बाहर भी सो कर रात बिताई। सुबह देर तक युवा सोते नजर आए। युवाओं ने बताया कि वह देर तक वाहनों का इंतजार करते रहे। सबसे अधिक रेलवे स्टेशन के यात्री विश्राम गृह और प्लेट फार्म में युवा आराम करते नजर आए।


प्रशासन ने स्टोन क्रशर के भारी वाहनों को नगर में चलने से रोका

टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन ने सड़काें पर युवाओं के उमड़ने पर खनन से लदे भारी वाहनों की दिन में आवाजाही पर रोक लगाई। प्रभारी कोतवाल सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि नगर के स्टोन क्रशर और चल्थी के स्टोन क्रशर से आने वाले पत्थर रेत के वाहनों का संचालन सुबह से रोका गया। सड़कों पर युवाओं के होने से हादसे की आशंका को देखते हुए यह निर्देश देने पड़े।



यहां वाहनों की व्यवस्था कम है, बिहार में होगी भर्ती



टनकपुर। दानापुर में यूपी के युवाओं के लिए 26 नवंबर से एक दिसंबर तक भर्ती रैली की भी मुनादी कराई गई। जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की कि यहां बसों की व्यवस्था कम हैं, ऐसे में आप पिथौरागढ़ नहीं जा सकते हैं। ऐसे में आप शाम वाली ट्रेन से वापस जाकर बिहार में होने वाली भर्ती में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed