लोहाघाट (चंपावत)। सारथी संस्था की पहल पर रामलीला मैदान में लगी किसान ग्राहक मंडी में सात क्विंटल से अधिक स्थानीय उत्पादों की बिक्री हुई। रविवार को लगी मंडी में नेपाल सीमा से लगे 45 किमी दूर के पंचेश्वर सहित कई गांव से प्रेमबल्लभ पंत, सुरेंद्र सिंह, सुरेश सिंह आदि आम, कटहल, मक्का, शिमला मिर्च, मूली, हरी सब्जी लाए। मंडी के जरिये किसानों को अपने उत्पादों की अच्छी कीमत मिलने के साथ लोगों को भी ताजी, जैविक सब्जियां मिल रही है।
सारथी संस्था के सुमित भट्ट की पहल पर हर रविवार को लगने वाली मंडी में किसान प्रकाश राय, गौरी देवी, हिमांशु गड़कोटी और कमला राय आदि के उत्पाद भी दो घंटे में बिक गए। राज्य आंदोलनकारी संगठन के जिला सचिव राजू गड़कोटी ने बताया कि किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने की यह अच्छी पहल है। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ दूरदराज के किसानों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इस मौके पर हयात कार्की, प्रदीप राय, भुवन भट्ट, प्रियंका जोशी, दीपक जोशी, अशोक पांडेय, संतोष भट्ट आदि थे।