लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट में लड़ीधूरा महोत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई है। महोत्सव के आयोजन के लिए युवाओं को दायित्व सौंपे गए हैं। महोत्सव में सांस्कृतिक संध्या, शैक्षिक, खेलकूद, शारीरिक सौष्ठव प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष नागेंद्र जोशी ने बताया कि पांच अक्तूबर को सुबह 9:30 बजे श्री रामलीला मंच से लड़ीधूरा तक कलश यात्रा के साथ महोत्सव का आगाज होगा। उसी दिन शाम तीन बजे विधायक खुशाल सिंह अधिकारी सांस्कृतिक झांकियों के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। छह अक्तूबर को सुबह 10 बजे सांस्कृतिक एवं खेल कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। नौ अक्तूबर को महोत्सव का मुख्य आकर्षण काकड़ पम्दा और बाराकोट से निकलने वाली मां भगवती, मां महाकाली की डोला रथ यात्राएं होंगी।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष जोशी का कहना है कि लड़ीधूरा महोत्सव बाराकोट क्षेत्र में धार्मिक आस्थाओं के संरक्षण एवं संवर्धन और आपसी तालमेल बनाने में मददगार साबित हो रहा है। इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की जनता को देश की विविध संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष महोत्सव में हिमाचल प्रदेश की नाटी, मध्यप्रदेश का बधाई नृत्य एवं पिथौरागढ़ की प्रसिद्ध हिलजात्रा की झांकी प्रस्तुत की जाएगी।