चंपावत। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने कोरोना वायरस के संक्रमण को लेेकर क्वारंटीन किए गए सल्ली और गुदमी गांवों के साथ ही बाजारों में ड्रोन की मदद से नजर रखने के निर्देश दिए हैं। शिविर कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए उन्होंने संक्रमण काल में टीम भावना से कार्य करने को कहा।
डीएम ने डीडीओ को होम क्वारंटीन वालों के घरों के बाहर सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। कहा कि बाहर से आने वाले लोगों पर निगरानी रखने के साथ ही उन्हें क्वारंटीन सेंटरों पर तथा अन्य अधिकृत केंद्रों पर भेजा जाए। उन्होंने कोरोना पीड़ितों का इलाज करने वाले डाक्टर, नर्स, वार्ड ब्वाय तथा पर्यावरण मित्रों के लिए अभी से संस्थागत क्वारंटीन की व्यवस्था करने को कहा। बैठक में एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, शिप्रा जोशी, आरसी गौतम, वरिष्ठ कोषाधिकारी एचपी गंगवार, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी, आदि मौजूद रहे। संवाद