बनबसा (चंपावत)। प्रथम स्व. पवन मित्तल स्मृति फुटबाल टूर्नामेंट जीतकर टनकपुर स्टेडियम की टीम चैंपियन बन गई है। फाइनल में टनकपुर स्टेडियम ने खटीमा क्लब को 3-1 से हराया। स्व. मित्तल की पत्नी राजबाला मित्तल ने विजेता और पुत्र मनोज मित्तल ने उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
मिनी स्टेडियम में व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता स्व. पवन मित्तल स्मृति फुटबाल टूर्नामेंट में बनबसा, टनकपुर, खटीमा की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया था। टूर्नामेंट का शुभारंभ वरिष्ठ खिलाड़ी कमलेश भट्ट ने किया। बुधवार शाम फाइनल मैच टनकपुर स्टेडियम और खटीमा क्लब के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों ही टीमों के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके। सेकेंड हाफ में टनकपुर स्टेडियम ने तीन गोल करके मैच को एकतरफा कर दिया। हालांकि मैच के अंतिम क्षणों में खटीमा क्लब ने गोल किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। टनकपुर की ओर से रिजवान, शिवांश, जीतू ने एक एक गोल किए। खटीमा क्लब के खिलाड़ी आकाश ने एकमात्र गोल किया। लोकेंद्र चंद रेफरी, रोहित कापड़ी, पिल्लू लाइनमैन थे। वहां लक्ष्मण सिंह पाटनी, राकेश चंद, संजय अग्रवाल, प्रेम सिंह ज्याला, पवन अग्रवाल, डॉ. जनक चंद, भुवन आदि थे।