लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना महामारी से बचाव के लिए स्थानीय प्रशासन की पहल पर जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत लोक कलाकार गांव गांव में जाकर लोगों को कोरोना महामारी की जानकारी देने के साथ उसके बचाव के लिए लोगों को जागरूक करेंगे।
शनिवार को कचहरी परिसर में एसडीएम आरसी गौतम ने जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए जागरूकता काफी जरूरी है। लोगों को शासन प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए दो गज की दूरी बनाने, घर से बाहर निकलते वक्त मास्क पहनने, भीड़ भाड़ वाले स्थानों में न जाने, समय-समय पर हाथों को सैनिटाइज करने को कहा। इस दौरान कुमाऊं सुर सागर कला समिति नरसिंहडांडा के दल नायक जीवन बेड़ियाल के नेतृत्व में लोक कलाकारों ने नृत्य और गीतों के जरिये लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया। एसडीएम गौतम ने बताया कि कलाकारों का यह दल लोहाघाट मीनाबाजार चौराहा, खेेतीखान चौराहा, पुलहिंडोला बाजार, मडलक बाजार, बाराकोट बाजार और खेतीखान बाजार में नुक्कड़ नाटकों, गीत, नृत्य के जरिये लोगों को जागरूक करेगा।