Lohaghat News: बीमार बच्चे को इलाज न देने का आरोप, धरने पर बैठा पिता; दोनों पक्षों ने थाने में दी तहरीर
लोहाघाट के सुंई खैसकांडे गांव निवासी एक व्यक्ति उपजिला अस्पताल लोहाघाट में बच्चे को समय पर इलाज न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर धरने पर बैठ गया। मामला गरमाता देख सूचना मिलते ही पुलिस मौके में पहुंच गई।
विस्तार
चंपावत जिले के लोहाघाट के सुंई खैसकांडे गांव निवासी एक व्यक्ति उपजिला अस्पताल लोहाघाट में बच्चे को समय पर इलाज न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर धरने पर बैठ गया। मामला गरमाता देख सूचना मिलते ही पुलिस मौके में पहुंच गई।
अस्पताल प्रबंधन और सुंई खैंसकांडे निवासी दिनेश चंद्र चौबे ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी। बृहस्पतिवार को सुंई खैंसकांडे निवासी दिनेश चंद्र चौबे में अपने पुत्र शिवम (आठ) का इलाज कराने उपजिला अस्पताल लाए थे। दिनेश ने आरोप लगाया कि जब वह अस्पताल पहुंचा तो उनके बच्चे को इलाज देने के बजाय देर तक यहां वहां घुमा दिया। उन्होंने इमरजेंसी डॉक्टर से बच्चे को देखने की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें इलाज नहीं मिला। दिनेश ने डीएम और सीएमओ को अस्पताल प्रबंधन की ओर से लापरवाही करने और पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
ये पढ़ें- Uttarakhand: पीसीएस की मेरिट में छाए कुमाऊं के होनहार, जानिए सफलता की कहानी...टॉपरों की जुबानी
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल ने बताया कि दिनेश के बच्चे का इलाज कर दिया गया है। दिनेश चंद्र चौबे ने अस्पताल के डाक्टर से अभद्रता की है। हंगामे के समय भी बाहर बच्चे का पिता अस्पताल प्रबंधन से लड़ाई कर रहा था, लेकिन अंदर डॉक्टर पूरी निष्ठा से बच्चे का इलाज कर रहे थे। चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि अभद्रता के मामले में उन्होंने पुलिस में तहरीर दी है।
मौके पर मौजूद डॉ. दीक्षा ने बताया कि उन्हें पर्ची काटने के लिए कहा ताकि बच्चे की जांचे निशुल्क हो जाएं, लेकिन बच्चे के पिता को कुछ सब्र नहीं हुआ और वह बिगड़ गया। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर आई है, मामले की जांच की जा रही है।