{"_id":"5910b5514f1c1b1157850860","slug":"eco-friendly-start-up-strike","type":"story","status":"publish","title_hn":"पर्यावरण मित्रों ने शुरू की बेमियादी हड़ताल ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पर्यावरण मित्रों ने शुरू की बेमियादी हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो बनबसा
Updated Mon, 08 May 2017 11:44 PM IST
विज्ञापन
प्रदर्शन करते पर्यावरण मित्र
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मानदेय का भुगतान करने, नगर पंचायत में स्थायी नियुक्ति देने समेत चार सूत्री मांग को लेकर नगर पंचायत स्वच्छता समिति के पर्यावरण मित्रों ने अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन कर शासन - प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मानदेय का शीघ्र भुगतान न किए जाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
बनबसा नगर पंचायत में स्वच्छता समितियों के माध्यम से तैनात किए गए 26 पर्यावरण मित्रों ने चार सूत्री मांगों को लेकर सोमवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। महेश वाल्मीकि के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे पर्यावरण मित्रों का कहना है कि नगर पंचायत गठन से मानदेय देने, स्थायी नियुक्तियां देने, प्रत्येक वार्ड में हाथ ठेली देने, अस्तित्व विहीन स्वच्छता समितियों की जगह नई समितियों का गठन करने आदि मागों को वह लंबे समय से उठा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश और प्रदेश उपाध्यक्ष अजय बन्नू को भी अवगत करा दिया है।
विज्ञापन
पर्यावरण मित्रों का कहना है कि उन्हें स्वच्छता समितियों द्वारा भी पूर्ण भुगतान नहीं किया जा रहा है। कई वार्डों के निवासी स्वच्छता समितियों को भुगतान नहीं कर रहे हैं। कहा कि मांगे न माने जाने पर पर्यावरण मित्र पिछले साल 25 दिसंबर को काम रोको हड़ताल पर चले गए थे। तब प्रशासन के आश्वासन पर 29 दिसंबर से उन्होंने फिर काम शुरू कर दिया था। किंतु चार माह से अधिक समय होने के बाद भी उनकी मांगे नहीं मानी गई हैं। जिसके चलते उन्हें आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में दुर्गेश, धर्मपाल, संजीव वाल्मीकि, अमरदीप वाल्मीकि, कमलजीत, सचिन, इंद्रपाल आदि मौजूद थे। इधर नगर पंचायत के प्रभारी ईओ शेखर चंद्र जोशी ने बताया कि नगर की साफ सफाई कार्य में लगे सभी कर्मी स्वच्छता समितियों के कर्मचारी हैं, जिनका भुगतान समितियों द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि बनबसा नगर पंचायत को शासन द्वारा चौथे राज्य वित्त आयोग द्वारा 62.50 लाख रुपये अनुदान स्वीकृत किया गया है। जल्द ही पर्यावरण मित्रों के मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंनेे पर्यावरण मित्रों से जन हित में काम पर वापस लौटने की अपील की है।
विज्ञापन