लोहाघाट (चंपावत)। नारकोटिक्स ब्यूरो, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से की गई भांग की खेती नष्ट करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत टीम ने कोलीढेक क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई गई भांग की खेती को नष्ट किया।
शुक्रवार को देहरादून से आई नारकोटिक्स कंट्रोल टीम लीडर केके मिश्रा और एसआई हरीश प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने नगर से लगे कोलीढेक क्षेत्र में छह हेक्टेयर क्षेत्र में उगाई गई अवैध भांग की फसल को नष्ट किया। उन्होंने ग्रामीणों को भांग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। कहा कि भांग की खेती करना अपराध है। उन्होंने लोगों से भांग की खेती न करने की बात कही। टीम में पुलिस के प्रकाश रंसवाल, विजय लुंठी, प्रीति पांडेय, पीआरडी जवान मनोज चौबे, नरेश राम, होमगार्ड कुवर सिंह, नारकोटिक्स ब्यूरो के एसके पांडेय, सुनील कुमार, अजय कुमार, वीरेद्र सिंह, उप निरीक्षक राकेश पंगरिया आदि शामिल थे।