टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम के पुजारियों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर समूचे पूर्णागिरि धाम क्षेत्र को बेहतर दूर संचार और इंटरनेट सुविधा से जोड़ने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष पं. किशन तिवारी और उपाध्यक्ष नीरज पांडेय की अगुवाई में पुजारियों का एक शिष्टमंडल शनिवार को तहसील पहुंच गया। उन्होंने तहसीलदार खुशबू पांडेय के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजकर कहा कि संचार क्रांति के इस युग में भी मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र संचार सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु देवी मां के दर्शन के लिए आते हैं। यहां दूर संचार और इंटरनेट सुविधा न होने से उन्हें दिक्कतें उठानी पड़ती है। सेलागाड़ में लगा बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर शोपीस बना हुआ है। ज्ञापन देने वालों शंकर तिवारी, लालमनी पांडेय, नरेश पांडेय, हेम तिवारी, नरेश पांडेय, लीलाधर तिवारी, प्रकाश पांडेय, जगदीश पंत, इंद्रदेव पांडेय, हरीश पांडेय, महेश तिवारी, मुकेश पांडेय, अनिल पांडेय आदि शामिल थे।