महिला ने पड़ोसी के घर पर की आत्महत्या
अंबेडकर ग्राम फागपुर में एक महिला अज्ञात कारणों के चलते पड़ोसी के घर पर फांसी पर झूल गई। दरवाजा अंदर से बंद होने के चलते इसे आत्महत्या माना जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फागपुर निवासी भागीरथी देवी (37)पत्नी रामशरण ने रविवार रात को पड़ोसी के घर पर अंदर से दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि मृतका और उसका पति मजदूरी करते थे।
उन्होंने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के चलते फिलहाल मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। मामले की जांच कर रहे एसआई डीएस जलाल ने बताया कि फागपुर निवासी मिस्त्री हीरा लाल और पड़ोस में रहने वाले रामशरण के परिवार खासे अच्छे मित्र हैं।
दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना जाना था। रामशरण की बच्छिया हीरालाल के गोठ में ही बंधी रहती थी। बीते दिवस देर रात हीरा लाल जब घर वापस आया तो उसने कमरे को बंद पाया। पड़ोस में पूछताछ के बाद आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो भागीरथी देवी को रस्सी पर झूलते हुए पाया। हीरालाल की पत्नी अपनी बेटी के घर गई थी। मृतका के पति को भी देर रात ही पड़ोसियों से पत्नी की मौत का पता चला।