लोहाघाट (चंपावत)। कुंभ मेला ड्यूटी के लिए युवा कल्याण विभाग की ओर से प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के 30 जवानों के 15 दिवसीय प्रशिक्षण में परेड, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, फायर फाइटिंग और यातायात व्यवस्था बनाने की जानकारी दी गई।
शनिवार को प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन के मास्टर ट्रेनर भरत सिंह गुसांई ने अचानक होने वाली दुर्घटनाओं और आपदा के दौरान बचाव संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
जवानों को आपदा प्रबंधन उपकरणों का प्रदर्शन कर उनको प्रयोग करने और दुर्घटना के समय सीमित साधनों से खुद को सुरक्षित रखते हुए घायलों की जान बचाने का प्रशिक्षण दिया गया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी जसवंत खड़ायत और हरीश जोशी ने बताया कि 22 फरवरी को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये जवान हरिद्वार कुंभ ड्यूटी के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर एनके जोशी, विनोद नेगी, ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे। (संवाद)