{"_id":"5964ef844f1c1b3f6e8b48ed","slug":"22-km-of-freight-train-without-engine","type":"story","status":"publish","title_hn":"निर्माणाधीन रेल लाइन पर बगैर इंजन 22 किमी दौड़ी मालगाड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
निर्माणाधीन रेल लाइन पर बगैर इंजन 22 किमी दौड़ी मालगाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो टनकपुर (चंपावत )
Updated Tue, 11 Jul 2017 09:02 PM IST
विज्ञापन
बगैर इंजन 22 किमी दौड़ी मालगाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टनकपुर/बनबसा/खटीमा। रेलवे निर्माण इकाई की लापरवाही से मंगलवार को टनकपुर-खटीमा के बीच करीब 22 किमी निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा होने से बचा। टनकपुर रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी के आठ डिब्बे बगैर इंजन के ट्रैक पर दौड़ गए। बनबसा के पास बोगियों की चपेट में आने से चार बकरियों की मौत हो गई।
विज्ञापन
खटीमा में जाकर पटरी पर डिपट्रॉली डालकर डिब्बों को रोका जा सका। इस प्रक्रिया में तीन लाइनें टूट गईं, डिपट्रॉली और ट्रैक्टर के परखचे उड़ गए। गनीमत रही कि इस दौरान पूरे ट्रैक में कोई व्यक्ति या यात्री वाहन डिब्बों की चपेट में नहीं आया, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। रेलवे के सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मौका मुआयना किया। इस मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर, निर्माण पीलीभीत पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
विज्ञापन
पीलीभीत-टनकपुर के बीच निर्माणाधीन ब्रॉडगेज लाइन के लिए गिट्टी ले जाने को टनकपुर स्टेशन पर मालगाड़ी की बोगियां खड़ी हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे आठ बोगियों पर गिट्टी भरी जा रही थी कि झटका लगने से बगैर इंजन की ये बोगियां ट्रैक पर दौड़ पड़ीं। रेलवे कर्मियों ने बनबसा, चकरपुर और खटीमा रेलवे स्टेशनों के साथ क्रासिंग स्थलों पर तैनात कर्मियों को सूचना दी।
विज्ञापन
बनबसा में बोगियों की चपेट में आने से चार बकरियों की मौत हो गई। ढलान अधिक होने से बोगियों की गति और तेज हो गई। चकरपुर पहुंचकर डिब्बे ट्रैक पर खड़े ट्रैक्टर से टकराए और उसे भी अपने साथ घसीट ले गए। ट्रेन को रोकने के लिए खटीमा स्टेशन पर मजदूरों ने डिपट्रॉली में छह लाइन लादकर ट्रैक पर खड़ा कर दिया।
मालगाड़ी के डिब्बे तेज गति से डिपट्रॉली से टकराए, तो जबर्दस्त धमाके के साथ डिब्बों की स्पीड कम होना शुरू हो गई और करीब 100 मीटर आगे खेतलसंडा क्रासिंग से पहले डिब्बे रुक गए। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि तीन लाइनें टूट गईं, डिपट्राली और ट्रैक्टर के परखचे उड़ गए। इससे पहले होटल बेस्ट व्यू के पास एक बछड़ा डिब्बों से टकराकर घायल हो गया।
सूचना पर रेलवे के वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी सीएम साह, संरक्षा अधिकारी एके वर्मा एवं सहायक संरक्षा अधिकारी अशोक अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट डीआरएम इज्जतनगर को दी। सूत्रों ने बताया कि गिट्टी भरने के लिए बोगियों को स्टाक के पास ले जाने को जेसीबी से धक्का लगाने के कारण बोगियां ट्रैक पर दौड़ीं।
स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि खटीमा स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर खड़े पटरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बोगियां रुकी हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इधर, रेलवे सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में रेलवे की निर्माण इकाई के सीनियर सेक्शन इंजीनियर पीलीभीत की लापरवाही सामने आई है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने कहा कि जांच निर्माण संगठन कर रहा है। आरोप पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट--
पटरी पर काम कर रहे मजदूरों ने डिपट्राली में लाइन डालकर रोके डिब्बे
खटीमा। टनकपुर से मालगाड़ी के डिब्बे बगैर इंजन के ही बहुत तेज गति से खटीमा की ओर आ रहे हैं। इसकी सूचना जैसे ही रेलवे के स्थानीय कर्मचारियों को हुई तो वे डिब्बे रोकने में जुट गए। रेल लाइन बिछाने का काम कर रहे मजदूर महादेव, रविंद्र, राजकुमार, रंजीत आदि ने डिपट्राली में छह लाइनें डालकर उसी ट्रैक पर खड़ा कर दिया, जिस पर मालगाड़ी के डिब्बे दौड़ रहे थे। डिपट्राली से टकराकर डिब्बे 100 मीटर आगे जाकर रुक गए।
इनसेट---
रेलवे लाइन के पार हैं चार स्कूल
खटीमा। जबसे रेलवे लाइन को ब्राडगेज करने का काम चल रहा है। तभी से रेलवे क्रासिंग पर कोई भी बैरियर नहीं लगा है। लोग हर समय यहां से बेरोक-टोक चल रहे हैं। मंगलवार को जिस समय मालगाड़ी के डिब्बे बगैर इंजन के ही इस रूट पर दौड़े, उस समय करीब साढ़े 11 बज रहे थे। उस समय इस रूट पर रेलवे क्रासिंग पर किसी प्रकार का आवागमन नहीं था। अन्यथा यहां पर रेलवे लाइन के पार सर्राफ, लाइंस क्लब, महर्षि विद्यामंदिर, आरएलके पब्लिक स्कूल हैं, जिससे रेलवे क्रासिंग पर अक्सर भीड़ लगी रहती है। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
11 केटीएम 01पी से 07पी तक फोटो