उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना की और औली में बर्फ का लुत्फ उठाया। औली की खूबसूरती देख अभिभूत हुए विधानसभा अध्यक्ष ने यहां जगह-जगह पर फेंके प्लास्टिक एवं कूड़े को उठाकर कूड़ादान में डालकर पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने पर्यटकों से आह्वान किया कि औली में पर्यटन एवं सुंदरता का लुत्फ उठाएं, लेकिन प्रकृति को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही फेंके। इसके बाद वे भराड़ीसैंण के लिए रवाना हुए। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट, नगर मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, नगर महामंत्री नितेश चौहान, सभासद नितिन व्यास, अंशुल भुजवाण आदि मौजूद थे।