ब्लॉक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 35 फरियादियों ने सड़क, बिजली, पानी व जंगली जानवरों की समस्याएं उठाई। इस दौरान 25 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एसडीएम ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को एसडीएम वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कर्णप्रयाग में करीब दो साल बाद तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान भटोली कुंड के ईश्वरी प्रसाद, बच्चीराम और राजेंद्र ने पेयजल की समस्या उठाई। कुनेथ के क्षेत्र पंचायत सदस्य बृजेश बिष्ट ने कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुश्तों व सड़क किनारे नाली का निर्माण करने, बिजली के झूलते तारों को कसने, तोलियों व रिठोली में ट्रांसफार्मर को ठीक करने, बीपीएल व अंत्योदय राशन कार्डों के सत्यापन के लिए न्याय पंचायत स्तर पर गांवों में कैंप लगाने की मांग उठाई। कनिष्ठ प्रमुख अनीता सेमवाल ने बणियास सड़क निर्माण से रतूड़ा, खंडूड़ा, चूलाकोट, बणगांव की पेयजल लाइन टूटने की समस्या उठाई। इस मौके पर पूर्व प्रधान हेमंत सेमवाल, बीरेंद्र, दिनेश, प्रदीप, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव, अभियंता मुकेश कमार, आरएस बर्तवाल, डॉ. मोहमद उबेद, एई अनूप सिंह, आरके दीपेंद्र पंवार, बलबीर सिंह, नवीन चमोला आदि मौजूद थे।