Chamoli News: बदरीनाथ यात्रा शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी, हाईवे पर पहाड़ी से गिर रहे बोल्डर बने हैं खतरा
ऑलवेदर रोड कटिंग के दौरान बदरीनाथ हाईवे पर सड़क चौड़ीकरण का काम हो रहा है। पहाड़ियों की अनियोजित कटिंग से पहाड़ियां कमजोर हो गईं हैं और यहां जमे बोल्डर ढीले होने लगे हैं। ऐसे में हाईवे पर एक साथ कई वाहन चलते समय पहाड़ियों पर जमा मलबा व पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं।
विस्तार
बदरीनाथ यात्रा शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी हैं और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से काई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थिति यह है कि जयकंडी, लंगासू सहित कई जगहों पर पहाड़ी से सड़क पर पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में यहां वाहनों में सफर करने वाले लोगों के चोटिल होने का खतरा बना है। अगर संवेदनशील जगहों पर पहाड़ी का ट्रीटमेंट नहीं हुआ तो यात्रा भी प्रभावित हो सकती है।
लंगासू के व्यापारी कैलाश खंडूड़ी ने कहा कि चार वर्षों से ऑलवेदर रोड कटिंग के दौरान बदरीनाथ हाईवे पर सड़क चौड़ीकरण का काम हो रहा है। पहाड़ियों की अनियोजित कटिंग से पहाड़ियां कमजोर हो गईं हैं और यहां जमे बोल्डर ढीले होने लगे हैं।
पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ
ऐसे में हाईवे पर एक साथ कई वाहन चलते समय पहाड़ियों पर जमा मलबा व पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात को इंटर कॉलेज के आसपास उनके मकान के ऊपरी भाग से बदरीनाथ हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए।
ये भी पढ़ें...Chamoli: सुमना में दो हिम तेंदुए कैमरे में हुए कैद, गश्त के दौरान वन कर्मियों को एक दिखा पहाड़ी पर बैठा
कई पत्थर मकानों पर भी गिरे। हालांकि उस समय हाईवे पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही थी। वहीं, एनएचआईडीसीएल के जेई अंकित सिंह ने कहा कि जहां पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा बना है वहां का जल्द ट्रीटमेंट कर दिया जाएगा।