{"_id":"142-65389","slug":"Chamoli-65389-142","type":"story","status":"publish","title_hn":"चूल्हा जलाने को जिंदगी दांव पर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चूल्हा जलाने को जिंदगी दांव पर
Chamoli
Updated Tue, 18 Jun 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
कर्णप्रयाग। ये मौत के मुहाने पर जाने की जिद्द है या फिर आजीविका की मजबूरी। शनिवार से ही बादल जमकर बरस रहे हैं। पिंडर नदी जोरदार उफान पर है। बाबजूद इसके नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर लोग नदी में बहती लकड़ियों को किनारे लाकर ढेर बनाते रहे। इनको निकालने में महिलाएं और बच्चे भी पीछे नहीं हैं।
दो दिन से लगातार हो रही बारिश से आमजन परेशान है। नदी किनारे के कई आवासीय घर खतरे की जद में आ गए हैं। रविवार सुबह से ही खंपियाणा, सांकरी, पुराने पुल, पोखरी पुल के निकट कई लोग परिवार सहित पिंडर और अलकनंदा नदी के ऊफान में बहती लकड़ियों को किनारे लगाने में जुटे रहेे। घर के बड़े लोग लकड़ियां किनारे करते रहे, जबकि बच्चे एकत्र कर ढेर लगाने के साथ ही घर तक ढोते भी रहे। इस दौरान नदी के मध्य से लेकर किनारों पर आसमान छूती लहरों से खतरे की आशंकाएं भी पल-पल पनपती रही। घर के चूल्हे की चिंता से लेकर आजीविका के लिए इन स्थानों पर दोपहर तक लकड़ियां बीनने का काम चलता रहा।
विज्ञापन
रोजगार का कोई साधन नहीं है। बरसात में नदी में बहती लकड़ियों को एकत्र करते हैं, जिन्हें बाद में बाजार में बेचकर कुछ रुपये कमा लेते हैं।
-- दीपक कुमार निवासी कर्णप्रयाग
घर से दूर काम के लिए यहां आए हैं। पल्लेदारी और मजदूरी करते हैं। बरसात से नदी में खूब लकड़िया बह रही हैं। तड़के से ही लकड़ियां किनारे कर साथियों की मदद से कुछ एकत्र की हैं। होटल और अन्य को इन्हें बेचकर कुछ अतिरिक्त कमाई हो जाएगी।
विज्ञापन
--- धन बहादुर/राम बहादुर निवासी नेपाल
अकेली हूं। रसोई गैस खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। घर का चूल्हा लकड़ियों के सहारे जलता है। मजबूरी है बेटा, जब तक जिंदा हूं पेट की आग बुझाने के लिए कुछ तो करना ही होगा।
--- शांता देवी निवासी कर्णप्रयाग
कोट--------
पिंडर नदी ऊफान पर है। लेकिन कई स्थानों पर लोगों के नदी में बहती लकड़ियों को निकाला जा रहा है। समझाने के बाद भी उन पर कोई असर नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी को नजर बनाए रखने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
-- सीएस चौहान तहसीलदार कर्णप्रयाग
