बागेश्वर। नवनियुक्त एसपी रचिता जुयाल ने साल के पहले दिन महिला चीता टीम का शुभारंभ किया। एसपी ने हरी झंडी दिखाकर टीम को थाने से रवाना किया। महिला सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल इस टीम का हिस्सा बनकर महिला अपराधों पर लगाम लगाएंगी। एसपी ने कहा कि महिलाओं को एक सुरक्षित और रक्षात्मक समाज प्रदान करने के लिए इस टीम का गठन किया गया है।
एसपी रचिता जुयाल ने कहा कि जिले में महिलाओं की आबादी 50 फीसदी है। उनकी सुरक्षा सबसे जरूरी है। कहा कि जिन क्षेत्रों में महिलाओं का आना-जाना ज्यादा रहता है, वहां टीम रोजाना गश्त करेगी। साथ ही जो लोग हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 पर शिकायत दर्ज नहीं करा पाते, उनसे सीधे बात करने का काम भी टीम के सदस्य करेंगे। इसके अलावा टीम महिलाओं को जागरूक भी करेगी। मुकदमा दर्ज करने की जरूरत पड़ी तो वे भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में अन्य थानों में भी महिला चीता टीम बनाई जाएगी।