कांडा/बागेश्वर। जिले में वनाग्नि की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आग जंगल से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रही है। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांडा के सानिउडियार गांव में भी आग मोटर माग पर खड़े वाहनों तक पहुंच गई। समय रहते खेतों में काम करने वाली महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए आग नहीं बुझाई होती तो रोड में खड़ा वाहन जलकर खाक हो जाता। वनाग्नि पर नियंत्रण नहीं होने से लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
सानिउडियार गांव में शुक्रवार की शाम जंगल की आग धधकते हुए गांव के पास तक पहुंच गई। आग सड़क पर खड़े वाहन की ओर तेजी से बढ़ने लगी। इस दौरान खेतों में काम कर रही सुनीता धामी, कल्याण राम, विनायक धामी, रेशमा ने आग की लपटों को देखा। वे तत्काल आग बुझाने के लिए दौड़ीं। उन्होंने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इधर वन दरोगा कैलाश जोशी ने बताया कि जंगल की आग बुझाने के लिए हर वक्त कर्मचारी तैनात हैं। जहां से सूचना आ रही है वहीं आग बुझाने के लिए कर्मचारी जा रहे हैं।