बागेश्वर/कपकोट। कपकोट तहसील का दुलम गांव अब तक संचार सुविधा से नहीं जुड़ सका है। गांव में तीन वर्ष पहले निजी कंपनी का मोबाइल टावर लग गया था लेकिन अब तक संचार सेवा शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीण कई बार शासन-प्रशासन को परेशानी बता चुके हैं। किसी भी स्तर से सुनवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने 20 अक्तूबर से आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को दुलम के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि डिजिटल इंडिया के दौर में भी गांव संचार सुविधा से वंचित है। गांव के लोगों को मोबाइल पर बात करने के लिए अन्यत्र जाना पड़ता है। पूर्व में कई बार ज्ञापन देने के बाद गांव में वर्ष 2018 में एक निजी कंपनी का मोबाइल टावर लगाया था, लेकिन वह भी शोपीस बनकर खड़ा है। टावर से नेटवर्क नहीं आते हैं जिसे शुरूकरवाने की मांग के लिए कई बार तहसील और जिला स्तर पर ज्ञापन दिए। विधायक को भी समस्या बताई, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। मायूस ग्रामीण अब आंदोलन करने को बाध्य हो रहे हैं। ग्रामीणों ने दी गई समय सीमा से पूर्व संचार सेवा शुरू नहीं होने पर दुलम के भुल्यूड़ा में धरना, प्रदर्शन और चक्काजाम करने की चेतावनी दी। वहां पर भूपेंद्र सिंह कोरंगा, खुशाल सिंह कोरंगा, राजेंद्र सिंह कोरंगा, हयात सिंह कोरंगा, भगवत सिंह कोरंगा, हरीश कोरंगा, सुरेंद्र सिंह कोरंगा आदि मौजूद थे।