बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किए गए कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सावधानी और सजगता से दायित्वों का निर्वहन किया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये अधिकारियों से मुखातिब मुख्यमंत्री ने जिले की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सुरक्षित दूरी का पालन, फेस कवर का प्रयोग करने पर सख्ती बरतने को कहा। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने अधिकारियों को एक्टिव सर्विलांस बढ़ाने, ज्यादा सैंपल लेने और हाई रिस्क वाले मामलों में सावधानी से कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम रंजना राजगुरु ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के 93 पॉजिटिव केस आए, जिनमें से 92 संक्रमित मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज कर दिए हैं, जबकि एक मरीज की मौत हो गई थी। फिलहाल जिले में कोरोना का एक भी एक्टिव केस नही हैं। जिले से 2156 सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनमें से 155 सैंपलों की रिपोर्ट आनी शेष है। अब तक घर लौटे 37947 प्रवासियों में से 34434 ने क्वारंटीन अवधि पूरी कर ली है। दूरी के उल्लंघन पर 359, मास्क न पहनने पर 3664, क्वारंटीन नियमों के उल्लंघन पर 38 लोगों पर कार्रवाई की गई है।