बागेश्वर। भू-अध्यादेश अधिनियम अभियान के पदाधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भू-कानून बनाने की मुहिम के तहत भगवान बागनाथ के मंदिर में अर्जी चढ़ाई। बागनाथ से मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए आशीर्वाद मांगा।
अभियान के संस्थापक और मुख्य संयोजक शंकर सागर के नेतृत्व में यहां पहुंचे अभियान दल के सदस्यों ने बागनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल समेत कई लोगों से मुलाकात की। शंकर सागर ने बताया कि अभियान दल की ज्ञापन यात्रा विगत 18 अगस्त से देहरादून से शुरू हुई। जागेश्वर, चितई गोलज्यू दरबार, कैंची धाम, बिंसर महादेव, हाट कालिका मंदिर, पाताल भुवनेश्वर समेत तमाम धार्मिक स्थलों में भू-कानून बनाने के लिए अर्जी दी गई है। कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून की दरकार है, ताकि देवभूमि उत्तराखंड और उसकी आदिकालीन संस्कृति बची रहे।
कहा कि सख्त भू-कानून न होने से राज्य में बाहरी लोग बसते जा रहे हैं। राज्य की जमीन बिकती जा रही है। लचीला भू-कानून आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा पैदा करेगा। राज्य में हिमाचल की तर्ज पर सख्त कानून बनाने की दरकार है। अभियान दल में सह संयोजक अशोक नेगी, प्रवीन पुरोहित, अभियान प्रभारी नरेंद्र कार्की आदि शामिल थे।