बागेश्वर। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए लोगों को सप्ताहभर का इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों का सप्ताहभर बाद भी अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 42 लोगों के अल्ट्रासाउंड किए गए। करीब 150 लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए अगली तिथि दी गई है।
जिला अस्पताल में रोजाना करीब 70 से 80 लोग अल्ट्रासाउंड के लिए आते हैं। बागेश्वर के साथ ही कपकोट, शामा, बदियाकोट, कांडा, लीती आदि जगहों के लोग अल्ट्रासाउंड के लिए जिला चिकित्सालय पर निर्भर हैं। 18 जनवरी से रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने के कारण सीएचसी बैजनाथ के रेडियोलॉजिस्ट सप्ताह में दो दिन बुधवार और बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। इन दो दिनों में भी कई लोगों का नंबर नहीं आ पा रहा है।
नियमित अल्ट्रासाउंड न होने से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। गर्भवती महिलाएं इससे खास परेशान हैं। नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड न होने के कारण या तो लोग अल्ट्रासाउंड के लिए अल्मोड़ा जा रहे हैं या फिर निजी चिकित्सालय जाने को मजबूर हैं।