वसंत पंचमी से बंद है कुचौली पाठशाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने बृहस्पतिवार को कमस्यार क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान वह राजकीय प्राइमरी स्कूल कुचौली भी गए, लेकिन स्कूल बंद मिला। यहां तैनात दोनों शिक्षकों के अलावा प्रेरक भी नदारद मिले जबकि आंगनबाड़ी नौनिहालों को पढ़ाकर निर्धारित समय के बाद अपने घर चली गई थी।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों को अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के अलावा प्रेरकों का भी स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
विधायक फर्स्वाण ने बताया कि प्राइमरी स्कूल कुचौली में 15 बच्चों को पढ़ाने के लिए दो शिक्षक तैनात हैं। बृहस्पतिवार कमस्यार घाटी के भ्रमण के दौरान वह दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल गए। वहां कक्षों पर ताला लगा था। बच्चे खेलकूद में मस्त थे जबकि आंगनबाड़ी केंद्र की कार्रकत्री बच्चों को पढ़ाने के बाद निर्धारित समय पर अपने घर चली गई थी।
उन्होंने कहा कि स्कूलों के खुलने का समय सुबह 9:30 बजे जबकि बंद का समय 3:30 बजे निर्धारित हैं, लेकिन पाठशाला में शासन के नियम नहीं बल्कि शिक्षकों के अपने ही नियम चलते हैं। बच्चे समय पर पहुंचते तो हैं लेकिन शिक्षकों के आने के इंतजार में वह खेलों में मस्त रहते हैं।
इसके बाद बच्चे निर्धारित समय पर घरों केे चले जाते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पता चला कि पाठशाला में बसंती पंचमी के दिन से ही ताला लगा है। अध्यापकों के अनुपस्थिति के कारण बच्चों की पढ़ाई ठप चल रही है। गुस्साए विधायक ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और अनुपस्थित दोनों प्रेरकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। फर्स्वाण ने अधिकारियों से विद्यालयों का समय समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।