बागेश्वर। जिले में पिछले सप्ताह हुई बारिश से कई मकान ध्वस्त हो गए हैं। आपदा में बेघर होने वालों को रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। सोसायटी ने गरुड़ और कांडा तहसील के तीन परिवारों का गांव जाकर हालचाल जाना और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
बीते दिनों हुुई बारिश में कांडा तहसील के खंतोली गांव में भौन राम का घर पूर्ण रूप से ध्वस्त हो गया था। वहीं गरुड़ तहसील क्षेत्र के भोजगण निवासी विनोद कुमार और रतौड़ा निवासी गोविंद राम के आवासीय घर भी तेज बारिश में ध्वस्त हो गए थे। पीएलवी संध्या पंत और आपदा प्रबंधन कार्यालय से जानकारी मिलने के बाद रेडक्रॉस सोसायटी के जिला सचिव आलोक पांडेय के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने खंतोली गांव जाकर आपदा पीड़ित को तिरपाल, कंबल, किचन सेट, बाल्टी और खाद्य सामग्री दी। सोसायटी के सदस्यों ने भोजगण और रतौड़ा के प्रभावितों को भी गांव जाकर राहत सामग्री उपलब्ध कराई। वहां उमेश जोशी, गोपाल प्रसाद, शंकर लाल टम्टा, पंकज डसीला, डॉ. हरीश दफौटी, प्रमोद जोशी, जगदीश उपाध्याय, सुरेश खोलिया, आतिर अहमद तेवाड़ी आदि थे।