बागेश्वर। चनौली के खर्कगाड़ में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता को रवाईखाल ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में रवाईखाल की टीम ने दिगोली को आठ रन से मात दी। विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किया गया।
शुक्रवार को नवयुवक मंगल दल और ग्रामीणों की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में विधायक चंदन राम दास मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। फाइनल मुकाबले में हार-जीत का अंतर केवल आठ रन का रहा। फाइनल मुकाबला जीतने वाली रवाईखाल की टीम को विजेता ट्राफी के साथ आठ हजार रुपये की धनराशि दी गई। जबकि उपविजेता टीम दिगोली को ट्राफी और चार हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने विधायक को चनौली लिंग रोड और गागरीगोल मोटर मार्ग में डामरीकरण कराने की मांग को लेकर ज्ञापन भी दिया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष हरीश रावत, एडवोकेट जेसी आर्य, ग्राम प्रधान मीना देवी, चंदन थायत, हरीश नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद