बारिश से लोग और काश्तकार परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बृहस्पतिवार की शाम से शुरू हुई बूंदाबांदी शुक्रवार को दिनभर तेज बारिश के रूप में जारी रही। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर तेज बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त रही, वहीं मौसम के मिजाज से फसल और घास समेट रहे काश्तकार भी परेशान रहे।
बृहस्पतिवार की शाम से शुरू हुई बूंदाबांदी रात भर जारी रही। शुक्रवार को दिन में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई। तेज बारिश से खेतों में तैयार हो रही धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। गांवों में घास काटने की तैयारियों में जुटे पशुपालक भी परेशान रहे।
यदि शीघ्र मौसम साफ नहीं हुआ तो घास खराब हो जाएगी। दिनभर हुई बारिश से नगर की सड़कों में बने गड्ढे पानी से भर गए। गड्ढों में जमा पानी वाहनों के टायरों से उछलकर लोगों के ऊपर गिरने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के बावजूद गैस की किल्लत से जूझ रहे लोग सिलेंडर के लिए छाता ओढ़कर घंटों तक कतार में खड़े रहे। देर शाम तक बारिश जारी थी।
वहीं, खराब मौसम के कारण प्रथम नवरात्र को बागेश्वर में रामलीला का शुभारंभ नहीं हो सका। बागेश्वर के नुमाइशखेत मैदान में बृहस्पतिवार से रामलीला शुरू होनी थी। रात आठ बजे से लगातार बारिश होने से रामलीला का उद्घाटन नहीं हो सका। लोग दुर्गा पूजा और देवी पूजा में शामिल होने के बाद घरों को लौट गए।