बागेश्वर। ओड़लोहर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने स्यारीचौरा-सिमस्यारी-सरना-दमौला सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर जल्द सड़क का निर्माण पूरा करवाने की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग पूरी नहीं होने पर मतदान नहीं करने की चेतावनी भी दी।
स्यारीचौरा से दमौला तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से रुका है। ग्रामीणों का कहना है कि दो किमी की सड़क में स्यारीचौरा से 800 मीटर और दमोला से मल्ला सरना तक एक किमी का काम पूरा हो गया है। बीच में मात्र 200 मीटर के कार्य शेष है। सड़क के अवशेष कार्य को पूरा करने के लिए कई बार शासन-प्रशासन से मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद नाराज ग्रामीणों ने अब मतदान नहीं करने की चेतावनी दे डाली है। सोमवार को ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन भेजा। वहां पर ग्राम प्रधान दीपक कुमार, क्षेपं सदस्य अर्जुन सिंह, दलीप सिंह नेगी, प्रेमा देवी, हेमा देवी, शिवानी नेगी, कल्पना, यशोदा भंडारी आदि थीं।