बागेश्वर। जल संस्थान के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने सरकार से न्यूनतम वेतन देने की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की बैठक में संगठन को मजबूत करने और समस्याओं के निदान को लेकर चर्चा की गई।
दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष धरम सिंह कार्की ने कहा कि लंबे समय से कार्य करने के बावजूद कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारी अल्प वेतन में किसी तरह से गुजारा करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने पिछले वर्ष सितंबर में बढ़ाए गए एक हजार रुपयों का अब तक भुगतान नहीं होने पर भी रोष जताया। सरकार से जल्द बढ़ाई गई राशि का भुगतान करने और न्यूनतम वेतनमान देने की मांग की। बैठक में कर्मचारियों ने प्रत्येक महीने 50 रुपये प्रति कर्मचारी यूनियन के खाते में जमा करवाने को लेकर चर्चा की। बैठक में हरीश सिंह, कमलकांत, नंद किशोर, गणेश नाथ, कुंदन सिंह, शेर सिंह, ललित नेगी आदि मौजूद रहे।