बागेश्वर। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए 15वें वित्त के तहत जिला स्तरीय समिति ने छह करोड़ 20 लाख 88 हजार रुपये के बजट को स्वीकृति और अनुमोदन प्रदान किया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में इस वित्तीय वर्ष के लिए दो करोड़ 87 लाख 48 हजार और वित्त वर्ष 2023-24 के लिए तीन करोड़ 33 लाख 41 हजार रुपये के कार्यों के बजट प्रस्ताव को स्वीकृति और अनुमोदन दिया गया।
जिला सभागार में हुई बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। समिति ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामा, छानी, पोथिंग और बनलेख में 10-10 लाख की राशि से जांच सुविधाओं के लिए उपकरण खरीदने, 89 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्य जांच सुविधाओं की बढ़ोतरी के लिए लैब इन बैग और उपकरणों की खरीद के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी। डीएम ने सीएमओ को शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण और संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए और शत प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण कराने को कहा। उन्होंने जिला अस्पताल में अनुबंधित निजी लैब में अधिक से अधिक मरीजों की जांच कराने को कहा। लैब के बारे में ओपीडी कक्ष और अस्पताल के बाहर लिखवाने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग निशुल्क जांच करा सकें। यहां नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, सीडीओ संजय सिंह, एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा, डिप्टी सीएमओ डॉ. हरीश पोखरिया आदि रहे।