बागेश्वर। रेडक्रॉस स्वयंसेवियों ने संस्था के कार्य में होने वाले यात्रा देयकों का खर्च स्वयं वहन करने का निर्णय लिया है। संस्था के कोष से यात्रा देयकों में खर्च होने वाली राशि का उपयोग सामाजिक कार्यों में किया जाएगा। कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर के एक होटल में रेडक्रॉस की जिला कार्यकारिणी की शनिवार को बैठक हुई। अध्यक्षता कर चेयरमैन संजय साह जगाती ने यात्रा देयकों की कटौती का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि रेडक्रॉस स्वयंसेवी का मकसद समाज सेवा करना है। संस्था के कार्य के लिए होने वाली यात्राओं में कोष से राशि का भुगतान किया जाता था। इस परिपाटी को बदला जाना चाहिए। इसका सभी पदाधिकारियों ने समर्थन किया। बैठक में शैलेश मटियानी पुरस्कार के लिए नामित होने वाले शिक्षक और सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य ललित मोहन जोशी को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। संस्था के जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि स्वयंसेवी विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ हाईजीन किट और सेनेटरी पैड भी बांटेंगे। बैठक के अंत में भवन के लिए भूमि स्वीकृत करने पर जिलाधिकारी/रेडक्रॉस जिलाध्यक्ष विनीत कुमार का आभार जताया गया और जल्द से जल्द भवन का निर्माण शुरू करवाने की रणनीति तैयार की गई। इस मौके पर वाइस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक, कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कन्हैया वर्मा, ललित मोहन जोशी आदि मौजूद रहे।