बागेश्वर। ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बैंकर्स का आवेदकों के साथ तालमेल का अभाव बताया। कहा कि आवेदकों को समय से राशि नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंक के कामों के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण के लिए ब्लॉक स्तरीय बैठक बुलाने की मांग की है।
ब्लॉक प्रमुख दानू ने जिला मुख्यालय में लीड बैंक अधिकारी एनआर जौहरी को पत्र सौंपा। बताया कि कोविड-19 के चलते घर लौटे प्रवासियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। स्वरोजगार के लिए क्षेत्र के युवाओं ने उद्योग अलावा अन्य विभागों के माध्यम से आवेदन किया है। इनमें साक्षात्कार के बाद ऋण स्वीकृत किया गया है लेकिन आवेदक और बैंकर्स के बीच समन्वय की कमी के चलते युवाओं को बैंकों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। दुर्गम क्षेत्रों में बने डाकघर में समय पर राशि न पहुंचने से दिव्यांग, वृद्धा, विधवा पेंशनर्स को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, जिस वजह से लोगों को बैंक से संबंधित कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि ब्लॉक स्तरीय बैठक बुलाकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जाए। स्वरोजगार योजना की राशि डाकघरों को उपलब्ध कराई जाए। सुविधा के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों तक मोबाइल वैन भिजवाई जाए।