बागेश्वर। प्रधानमंत्री वेंडर्स आत्मनिर्भर (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत छह आवेदकों को स्वरोजगार के लिए ऋण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिली है। योजना के तहत ऋण की वापसी ऐप के माध्यम से की जाएगी।
पालिका सभागार में बृहस्पतिवार को हुई अनुश्रवण समिति की बैठक में स्वनिधि पोर्टल के माध्यम से आए आवेदनों पर चर्चा की गई। सिटी मिशन मैनेजर उर्मिला बिष्ट ने बताया कि योजना के तहत पोर्टल के माध्यम से 22 आवेदन मिले हैं। इनमें से छह आवेदकों को बैंक से ऋण स्वीकृत हुआ है। अग्रणी बैंक अधिकारी एमएस पांगती ने बैंकों को ऋण स्वीकृति में होने वाले दिक्कतों के बारे में बताते हुए कहा कि बैंकों को शासन से स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। बैंक की साइट खुलने में नेटवर्क की दिक्कत हो रही है। इससे योजना में प्रगति नहीं आ पा रही है। कहा कि सभी बैंकों से संपर्क कर रहे हैं ताकि पात्र व्यक्ति को योजना का समय पर लाभ मिल सके। बैठक में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राजदेव जायसी, ग्रामीण बैंक अधिकारी जगदीश प्रसाद, सखी स्वायत्त के अध्यक्ष प्रेमा उपाध्याय, बागनाथ फड़ कल्याण समिति के अध्यक्ष किशन राम, सचिव भीम कुमार आदि मौजूद थे। संवाद