धरमघर/बागेश्वर। धरमघर के पचार गांव में तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत है। तेंदुआ शाम से ही गांव के आसपास घूम रहा है। बुधवार की रात को गांव में स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद हो गया। लोगों ने तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ गांव में कई दिन से आ रहा है। बुधवार की देर रात तक तेंदुआ दहाड़ता रहा। तेंदुए की आमद से गांव के लोग भयभीत हैं। देवीथान के व्यापारी मदन पांडेय ने बताया कि दुकान की निचली मंजिल में वह परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की रात करीब नौ बजे तेंदुआ पानी के धारे वाले मार्ग से आकर मुख्य सड़क पर चलते हुए हनुमान मंदिर की ओर चला गया। बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो तेंदुआ विचरण करते हुए कैमरे में कैद हुआ था। इसी रास्ते से लोग पानी के धारे और खेतों में जाते हैं। ग्राम प्रधान सीमा पांडेय, कैलाश पांडेय, पूर्व प्रधान नवीन चंद्र पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, हेम चंद्र पांडेय आदि ने वन विभाग को सूचना देकर तेंदुओ को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने की मांग की है।
इधर, धरमघर के वन क्षेत्राधिकारी नारायण दत्त पांडेय का कहना है कि पचार गांव में गश्त लगाई जाएगी। जरूरत पड़ी तो पिंजड़ा भी लगाया जाएगा। ग्रामीण भी एहतियात बरतें। शाम के समय अकेले बाहर न निकलें। घरों की लाइट जलाकर रखें।