बागेश्वर। विभिन्न मांगों को लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उत्तराधिकारी संगठन के सदस्यों ने रविवार को तहसील में स्थित जिला बार एसोसिएशन सभागार में प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम उत्तराधिकारियों को समय पर पेंशन देने, बढ़ी हुई पेंशन दरों का भुगतान करने की मांग उठाई। कहा कि उत्तराधिकारी और उनके आश्रितों को दो प्रतिशत आरक्षण का लाभ और आश्रितों के छात्र-छात्राओं को नियमानुसार छात्रवृत्ति दी जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर बताया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को तहसील परिसर में नव निर्मित शहीद स्मारक स्थल का उद्घाटन किया जाएगा। सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष प्रेम सिंह परिहार ने की। इस मौके पर मंगल सिंह रावत, मोहन चंद्र जोशी, रघुवीर सिंह नेगी, बलवंत सिंह, इंद्र सिंह कनवाल आदि मौजूद थे।