कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कपकोट विकास खंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। डॉक्टर और फार्मेसिस्ट नहीं होने के कारण पीएचसी बदियाकोट और एसएडी खाती शोपीस बने हुए हैं। महिलाओं की सुविधा के लिए वहां एक अदद महिला डॉक्टर तक नहीं है। अस्पतालों में मल, मूत्र और खून की जांच के कोई इंतजाम नहीं हैं। इसके लिए लोग 20 से 45 किमी दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट की दौड़ लगाने को मजबूर हैं। बदहाल स्वास्थ्य सेवा से क्षेत्र के लोगों के साथ ही देश विदेश से विश्व प्रसिद्ध पिंडारी, सुंदरढुंगा और कफनी ग्लेशियर घूमने आने वाले पर्यटक भी खासे परेशान हैं।
मालूम हो कि कपकोट विकास खंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बोरबलड़ा, कुंवारी, बदियाकोट, कालो, बाछम, सोराग, खाती, उगियां, तीख और डौला आदि गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए पिछली सरकार ने बदियाकोट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की थी। लेकिन वहां आज तक डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी है। ग्लेशियरों के सैर सपाटे को जाने वाले मार्ग पर पड़ने वाले अंतिम गांव खाती में वर्षों पूर्व एक एसएडी की स्थापना की गई थी। इसमें भी न तो डॉक्टर है और न ही फार्मेसिस्ट है। अस्पताल चलाने के लिए एएनएम सेेंटर बाछम से सप्ताह में दो दिन फार्मेसिस्ट आता है।
अस्पतालों में मल, मूत्र और खून की जांच के भी कोई इंतजाम नहीं हैं जबकि एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीन की बात करनी तो बेईमानी ही है। लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने से उन्हें यहां से 20 से 40 किमी दूर कपकोट की दौड़ लगानी पड़ रही हैं। इसमें उनका काफी पैसा और समय बर्बाद हो रहा है। संपन्न घरों के लोग तो कपकोट, बागेश्वर आकर अपना उपचार करा ले आते हैं जबकि निर्धन घरों के लोग पैसे की कमी के कारण लाचार हैं। मल्ला दानपुर विकास समिति के अध्यक्ष स्वरूप सिंह कर्म्याल, ग्राम प्रधानों में केदार सिंह दानू, किशन सिंह दानू, जमन सिंह दानू समेत कई अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार से अस्पतालों की हालत शीघ्र सुधारने की मांग की है। उधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. बीएस रावत ने बताया कि उन्होंने अस्पतालों की समस्याओं से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है।
कपकोट के विधायक बलवंत भौर्याल ने कहा कि अस्पतालों की सारी समस्याएं उनके संज्ञान में हैं। सरकार का लक्ष्य सभी को स्वास्थ्य सुविधा देने का है। वह देहरादून जाकर मुख्यमंत्री के सम्मुख इन समस्याओं को रखकर उनका शीघ्र समाधान कराने का प्रयास करेंगे।