कपकोट (बागेश्वर)। जिला प्रशासन और वन विभाग ने जंगल को आग से बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए ग्लेशियर वन रेंज कार्यालय में मंगलवार को हुई बैठक में वनाग्नि सुरक्षा के बारे में चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने जंगल बचाने के लिए हरसंभव उपाय करने को कहा। रेंजर शशि देव ने बताया कि महिला समूहों की मदद से वनों की आग रोकने के उपाय किए जाएंगे। प्रत्येक वन पंचायत को विभाग से आग बुझाने के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। रेंजर शशि ने ग्रामीणों को वनों की आग रोकने के लिए क्रू स्टेशनों में संपर्क करने का भी सुझाव दिया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि सांस्कृतिक मंच के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए वन विभाग को सहयोग दिया जाएगा। बैठक में सहकारिता अधिकारी राजेंद्र बिष्ट, प्रशिक्षु रेंजर मनीष कुमार, प्रशिक्षु रेंजर चंदा मेहरा, शंकर दत्त पांडे, सभासद तनुज तिरुवा, भुवन सिंह शाही, खीम सिंह गढ़िया आदि थे।