बागेश्वर। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने रविवार को पुलवामा में शहीद हुए जवानों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। कर्मचारियों ने देश के खातिर जान कुर्बान करने वाले वीर सपूतों की याद में दो मिनट का मौन रखा। देश के प्रति उनके त्याग और बलिदान को याद किया। कर्मचारियों ने चमोली में आई आपदा में जान गंवाने वालों को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। मोर्चा के सभी सदस्यों ने अपने घरों पर भी जवानों की याद में दीपक जलाया।
बस स्टेशन स्थित गांधी पार्क में संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक मिलिंद बिष्ट और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आलोक पांडेय की मौजूदगी में एक दीया जवानों के नाम कार्यक्रम के तहत श्रद्धांजलि सभा की गई। जिला अध्यक्ष अनिल जोशी ने कहा कि आज का दिन पुलवामा में शहीद होने वाले वीर जवानों को याद करने का है। कर्मचारियों ने मोमबत्ती की रोशनी की आकृति बनाकर जवानों को नमन किया। इस मौके पर संरक्षक कैलाश अंडोला, हेमंत पंत, राजेंद्र देव, कैलाश प्रकाश चंदोला आदि थे।